एलपीजी विस्फोट में एक मंजिला मकान ढहा, चार लोग घायल

Ads

एलपीजी विस्फोट में एक मंजिला मकान ढहा, चार लोग घायल

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 12:37 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 12:37 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुरी इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी विस्फोट के कारण एक मकान ढह गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना इशू विहार की गली नंबर एक, पार्ट-2 में हुई।

दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के अनुसार, एक व्यक्ति ने सुबह 9:37 बजे फोन के माध्यम से विस्फोट और उसके बाद मकान ढहने की सूचना दी थी। सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया था कि कई निवासियों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली थी कि एक विस्फोट हुआ है और इसके कारण एक इमारत ढह गई है, जिससे कुछ लोग मलबे में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया।’’

सूचना देने वाले व्यक्ति के अनुसार, विस्फोट लगभग 250 वर्ग गज में बने एक मंजिला मकान में हुआ।

अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस ने मलबे से चार से पांच घायलों को निकालकर तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

उन्होंने बताया कि मलबा हटाने का कार्य जारी है और ढही हुई इमारत में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो।

अधिकारी के अनुसार, विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा

प्रचेता रंजन

रंजन