ओमाहा, दो जून (एपी) हंटावायरस के संपर्क में आने के बाद नेब्रास्का में राष्ट्रीय पृथकवास केंद्र में रह रहे क्रूज के 18 अमेरिकी यात्रियों में से पांच यात्री अपने घर लौट रहे हैं। अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, ‘यूनिवर्सिटी ऑफ नेब्रास्का मेडिकल सेंटर’ के पृथकवास केंद्र में रहने के दौरान बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखने और केंद्र से बाहर निगरानी के तय मानकों को पूरा करने के बाद, अब ये पांच लोग अपने घरों पर ही निगरानी की अवधि पूरी करेंगे।
उन्होंने बताया कि ये लोग दक्षिण अटलांटिक महासागर में यात्रा कर रहे एक क्रूज जहाज पर खतरनाक हंटावायरस फैलने के बाद नेब्रास्का लाए गए 13 अन्य अमेरिकियों के साथ यहां पहुंचे थे और वे इसके करीब तीन सप्ताह बाद ओमाहा से रवाना हो रहे हैं।
हंटावायरस लोगों द्वारा चूहों के मल-मूत्र के दूषित अवशेषों में सांस लेने से फैलता है, लेकिन वर्तमान प्रकोप का कारण बना हंटावायरस दुर्लभ मामलों में इंसानों से इंसानों में भी फैल सकता है। इसे ‘एंडीज वायरस’ कहा जाता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, इस जहाज से हंटावायरस के कुल 13 पुष्ट या संभावित मामले जुड़े हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका में एंडीज वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है और आम लोगों के लिए खतरा कम है।
एपी
प्रचेता सिम्मी
सिम्मी