वफादारों को ही मिले राजनीतिक नियुक्तियां: वसुंधरा राजे

वफादारों को ही मिले राजनीतिक नियुक्तियां: वसुंधरा राजे

वफादारों को ही मिले राजनीतिक नियुक्तियां: वसुंधरा राजे
Modified Date: April 6, 2026 / 03:41 pm IST
Published Date: April 6, 2026 3:41 pm IST

जयपुर, छह अप्रैल (भाषा) राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे ने सोमवार को कहा कि राज्य में राजनीतिक नियुक्तियां पार्टी के प्रति निष्ठा रखने वालों को ही मिले।

वसुंधरा राजे भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहीं थी।

उन्होंने कहा कि ‘‘46 साल के सफर में भाजपा ने कई पड़ाव देखे। कई लोग भाजपा में आए तो कई वापस चले गए। कई लोगों ने दल बदला तो कई लोगों ने दिल। कई लोग ऐसे भी हैं जो दल तो बदल लेते हैं, पर दिल नहीं। उनकी मानसिकता वही रहती है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसलिए ये जरूरी है कि हम हमारी मूल विचारधारा के वफ़ादार कार्यकर्ताओं को सम्मान दें। उन्हें ही महत्वपूर्ण स्थान दें। राजनीतिक नियुक्तियां और दायित्व उन्हीं कार्यकर्ताओं को दें जो मूल भाजपा के हैं।’’

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को मौका मिले जिनमें संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के भाव हों, जिन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष किया है और जो पार्टी की विचारधारा के हैं न कि अवसरवादियों को।

वसुंधरा राजे ने कहा कि ‘‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, विजयाराजे सिंधिया व भैरों सिंह शेखावत जैसे नेताओ ने तूफानों के बीच संगठन का जो दीप जलाया था उसे विश्व के लोकप्रिय नेता और भारत की तक़दीर बदलने वाले विकास पुरुष नरेन्द्र मोदी ने और अधिक प्रकाशमान किया है।’’

उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की भी प्रशंसा की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘पद के लिए काम मत करो। काम करोगे तो पद चल के आयेगा। अटल जी व आडवाणी जी ने पार्टी की कमान मेरी मां राजमाता विजय राजे सिंधिया को सौंपना चाहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।’’

भाषा पृथ्वी धीरज

धीरज


लेखक के बारे में