गोवा में केवल एक महीने का पेयजल भंडार शेष

गोवा में केवल एक महीने का पेयजल भंडार शेष

गोवा में केवल एक महीने का पेयजल भंडार शेष
Modified Date: June 19, 2026 / 10:39 am IST
Published Date: June 19, 2026 10:39 am IST

पणजी, 19 जून (भाषा) गोवा में मानसून की बारिश नहीं होने के बीच सरकार ने कहा है कि राज्य के पास केवल एक माह का पेयजल भंडार है।

राज्य के जलापूर्ति मंत्री सुभाष फल देसाई ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बारिश नहीं होने के कारण राज्य के विभिन्न जलाशयों में जलस्तर में भारी गिरावट आई है।

उन्होंने कहा, ‘‘घबराने की कोई जरूरत नहीं है। राज्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए फिलहाल लगभग एक महीने का पर्याप्त पानी उपलब्ध है।’’

देसाई ने बताया कि मौजूदा जल भंडार समय से पहले समाप्त न हो, इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही सख्त दिशा-निर्देश जारी करेगी और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर देगी।

देसाई ने कहा कि उनका विभाग जल संसाधन मंत्री सुभाष शिरोडकर के साथ बैठक करेगा, जिसमें राज्य के विभिन्न बांधों में उपलब्ध जल भंडार के आंकड़ों की समीक्षा कर स्थिति का आकलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जल वितरण व्यवस्था में सुधार किया है, जिससे फिलहाल कहीं भी पानी की कमी नहीं है।

हालांकि उन्होंने कहा, ‘‘अभी पानी का कोई संकट नहीं है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि भविष्य में ऐसी स्थिति पैदा नहीं हो सकती।’’

मंत्री के अनुसार, दक्षिण गोवा, कुशावती क्षेत्र और उत्तर गोवा के कुछ हिस्सों को पानी उपलब्ध कराने वाला सलौलिम बांध फिलहाल अपनी कुल क्षमता का 27 प्रतिशत भरा हुआ है।

उन्होंने बताया कि उत्तर गोवा के सतारी तालुका में स्थित अंजुनेम बांध का जलस्तर 9.9 प्रतिशत रह गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि अगले सप्ताहांत तक गोवा में वर्षा गतिविधियां फिर शुरू होने की संभावना है।

भाषा तान्या शोभना

शोभना


लेखक के बारे में