आपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान की गोलाबारी में जान गवांने वाले लोगों के लिए विशेष प्रार्थना
आपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान की गोलाबारी में जान गवांने वाले लोगों के लिए विशेष प्रार्थना
पुंछ/जम्मू, सात मई (भाषा) ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान द्वारा की गई गोलाबारी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई।
इस दौरान गुरुद्वारे में लोग शांति के लिए प्रार्थना करने तथा हमले के पीड़ितों को याद करने के लिए एकत्रित हुए। इसी के साथ उन्होंने सीमा पार गोलाबारी के दौरान नागरिक क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों की निंदा की।
पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने पिछले वर्ष सात मई की सुबह ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तुरंत बाद सीमा पार से पुंछ में तोपखाने और मोर्टार से गोलाबारी हुई जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 34 अन्य घायल हो गए।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था।
गुरुद्वारे के एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि भारत पाकिस्तान संघर्ष के दौरान सीमा पार गोलाबारी से गुरुद्वारे पर भी हमला हुआ था।
उन्होंने कहा, ‘गुरुद्वारे के अंदर किसी की जान नहीं गई, लेकिन गुरुद्वारे को भारी नुकसान पहुंचा।”
उन्होंने यह भी बताया कि बाद में एक गोला पास के घरों पर गिरा जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की पहली पुण्यतिथि पर विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने उस क्षेत्र की सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने का प्रयास किया जहां हिंदू, मुसलमान और सिख पीढ़ियों से शांतिपूर्वक एक साथ रहते आए हैं।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


