केरलम में ‘ऑपरेशन तूफान 2.0’ शुरू, मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी में 30 प्रतिशत की कमी : चेन्निथला
केरलम में ‘ऑपरेशन तूफान 2.0’ शुरू, मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी में 30 प्रतिशत की कमी : चेन्निथला
मलप्पुरम, 28 सितंबर (भाषा) केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के बाद राज्य में मादक पदार्थों के सेवन और उनकी तस्करी की घटनाओं में 30 प्रतिशत की कमी आई है।
चेन्निथला ने यहां वेंगारा के मालाबार कॉलेज में ‘ऑपरेशन तूफान 2.0’ के राज्यव्यापी शुभारंभ का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही। इसके तहत पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, जागरूकता और पुनर्वास गतिविधियों के लिए स्थानीय निकायों के साथ समन्वय करेगी।
चेन्निथला ने कहा कि केरलम भर की माताओं और महिलाओं के समर्थन से यह अभियान बड़ी सफलता बन गया है, जिन्होंने मादक पदार्थों को महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के पीछे एक प्रमुख कारक के रूप में पहचाना है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारियों से लेकर माताओं, दादियों और बहनों तक, लोगों ने इस अभियान का समर्थन किया है और कई लोगों ने ‘तूफान वॉरियर्स’ के रूप में इसकी अगुवाई की है।
उन्होंने कहा कि माताएं अक्सर अपने बच्चों के व्यवहार में होने वाले सूक्ष्म बदलावों को पहचानने और यह समझने में सक्षम होती हैं कि वे मादक पदार्थों के जाल में फंस रहे हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का गिरोह स्कूलों और कॉलेजों को निशाना बना रहा है और ग्रामीण तथा शहरी दोनों इलाकों में फैल चुका है, यहां तक कि घरों तक पहुंच गया है।
चेन्निथला ने कहा, ‘‘ऑपरेशन तूफान शुरू होने के बाद हम केरलम में मादक पदार्थों की मात्रा और उनके सेवन में 20 से 30 प्रतिशत तक कमी लाने में सफल रहे हैं।’’
उन्होंने अभियान की सफलता का श्रेय केरलम पुलिस को दिया और कहा कि पुलिस बल को निडर होकर कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने राज्य के भीतर और बाहर दोनों जगह मादक पदार्थों के नेटवर्क का पता लगाकर कार्रवाई की है, जिसमें बिहार, कोयंबटूर, नोएडा, चेन्नई, दिल्ली और बेंगलुरु भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मंजेरी में कम मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जाने के बाद मिली जानकारी के आधार पर मलप्पुरम पुलिस ने कोयंबटूर में 13 किलोग्राम एमडीएमए जब्त किया। उन्होंने इसे राज्य में अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी बताया।
उन्होंने कहा कि लोगों ने निर्धारित टेलीफोन नंबरों के माध्यम से पुलिस को गोपनीय जानकारी दी है और पुलिसकर्मियों ने आरोपियों की जांच और उनका पता लगाने के दौरान मुखबिरों की पहचान गुप्त रखी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर एक समय में आम जनता मादक पदार्थों के गिरोह से डरती थी, तो आज मादक पदार्थों का गिरोह जनता से डरता है।’’
मंत्री ने यह भी कहा कि अभियान में कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं हुआ है और राजनीतिक संबद्धता के आधार पर किसी भी आरोपी को संरक्षण नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग या उनकी अपनी पार्टी के किसी भी नेता ने कार्रवाई का सामना कर रहे किसी व्यक्ति को बचाने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘अपराध चाहे किसी ने भी किया हो, हम देश और समाज के लिए निष्पक्षता और ईमानदारी से कार्रवाई करने में सक्षम रहे हैं।’’
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


