गंगासागर मेले को ‘राष्ट्रीय मेले’ का दर्जा देने की मांग जल्द पूरी होगी: नितिन नवीन

गंगासागर मेले को ‘राष्ट्रीय मेले’ का दर्जा देने की मांग जल्द पूरी होगी: नितिन नवीन

गंगासागर मेले को ‘राष्ट्रीय मेले’ का दर्जा देने की मांग जल्द पूरी होगी: नितिन नवीन
Modified Date: September 28, 2026 / 01:24 pm IST
Published Date: September 28, 2026 1:24 pm IST

(फाइल फोटो के साथ जारी)

कोलकाता, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि गंगासागर मेले को ‘राष्ट्रीय मेले’ का दर्जा देने की पुरानी मांग जल्द पूरी होगी।

नवीन ने राज्य के अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में गंगासागर का दौरा किया। उन्होंने गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी के संगम पर डुबकी लगाने के बाद कपिल मुनि आश्रम में पूजा-अर्चना की।

नवीन यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर से रवाना हुए और पूर्वाह्न करीब 10 बजे जिले के भाजपा नेताओं के साथ गंगासागर पहुंचे।

नवीन ने कहा, ‘‘बंगाल के लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है। हम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में लोगों की सेवा करने की कोशिश करेंगे।’’

उन्होंने गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘यह मांग जल्द पूरी होगी।’’

पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्र से गंगासागर मेले को ‘राष्ट्रीय मेले’ का दर्जा देने और इसकी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए उचित वित्तीय एवं संस्थागत सहायता देने की जुलाई में अपील की थी। इस मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, संत और अन्य लोग आते हैं।

गंगासागर का यह दौरा नवीन के यात्रा कार्यक्रम में कथित तौर पर अंतिम समय में शामिल किया गया था। पार्टी ने संशोधित कार्यक्रम रविवार देर शाम जारी किया था।

गंगासागर के बाद भाजपा नेता का उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर स्थित लोक संस्कृति भवन जाने का कार्यक्रम है, जहां वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

नवीन का सोमवार को बाद में कोलकाता के ‘स्पेस सर्कल क्लब’ में ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ में शामिल होने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वह दिल्ली रवाना होंगे।

राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद नवीन का पश्चिम बंगाल का यह पहला दौरा है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कुछ दिन पहले ही पार्टी की प्रदेश इकाई ने महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के नेतृत्व तथा सात संगठनात्मक जिलों में बदलाव समेत बड़े संगठनात्मक फेरबदल की घोषणा की थी।

कोलकाता और हावड़ा नगर निगम समेत राज्य के सात प्रमुख नगर निकायों के चुनाव नवंबर के अंत में होने की संभावना है। ऐसे में पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से नवीन के इस दौरे को अहम माना जा रहा है।

नवीन ने रविवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिले के नेताओं, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं। इन बैठकों में पार्टी संगठन और निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में