असम विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी विधायकों ने की नारेबाजी

Ads

असम विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी विधायकों ने की नारेबाजी

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 12:43 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 12:43 PM IST

गुवाहाटी, 16 फरवरी (भाषा) असम विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को उस समय हंगामा देखने को मिला जब राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी सदस्य आसान के निकट आकर नारेबाजी करने लगे।

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा दिए गए 40 मिनट के अभिभाषण के लगभग पूरे समय विपक्षी विधायकों ने हंगामा किया।

उन्होंने अभिभाषण की प्रतियां आसन की ओर फेंकने की कोशिश की, लेकिन सदन की सुरक्षा में तैनात मार्शलों ने प्रतियों को तुरंत जब्त कर लिया।

चुनाव से पहले इस सरकार के कार्यकाल में यह विधानसभा का अंतिम सत्र है, जिसमें मंगलवार को लेखा अनुदान प्रस्तुत किया जाएगा।

राज्यपाल द्वारा वर्तमान सरकार के तहत किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करने के पांच मिनट बाद ही कांग्रेस, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और एकमात्र निर्दलीय विधायक विरोध करते हुए आसन के निकट आ गए।

विपक्षी विधायकों ने पहले अभिभाषण की प्रतियां दिखाई, लेकिन बाद में उन्हें राज्यपाल की ओर फेंकने का प्रयास किया। मार्शलों ने इन प्रतियों के साथ-साथ अन्य तख्तियां और कागज भी जब्त कर लिए।

भाषण की पूरी अवधि के दौरान 30 से अधिक विपक्षी सदस्यों को रोकने के लिए मार्शलों समेत 20 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। इसके बावजूद वे जमीन पर बैठकर विरोध करते रहे।

विपक्षी सदस्य मुख्यमंत्री से जुड़े एक विवादास्पद वीडियो के विरोध में नारे लगा रहे थे और उन्होंने लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के लिए न्याय की मांग की।

भाषा खारी शोभना

शोभना