एसआईआर पर झूठ उजागर होने के बावजूद माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा विपक्ष: नड्डा

एसआईआर पर झूठ उजागर होने के बावजूद माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा विपक्ष: नड्डा

एसआईआर पर झूठ उजागर होने के बावजूद माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा विपक्ष: नड्डा
Modified Date: September 28, 2026 / 12:31 pm IST
Published Date: September 28, 2026 12:31 pm IST

(फाइल फोटो के साथ जारी)

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि निर्वाचन आयोग के सदस्यों द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों के झूठ का पर्दाफाश किए जाने के बावजूद विपक्षी दल देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

नड्डा ने यहां पत्रकारों से कहा कि देश की प्रगति से हताश और निराश विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया गठबंधन) ‘‘भ्रम और अराजकता’’ फैलाने के नए तरीके तलाश रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘हम सभी ने देखा कि कुछ ही दिन पहले एक मनगढ़ंत कहानी को लेकर पूरे देश में किस तरह हंगामा किया गया। अब जब निर्वाचन आयोग के सदस्यों ने हर झूठ का पर्दाफाश कर दिया है तो वे (विपक्षी दल) एक बार फिर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

नड्डा ने आरोप लगाया कि देश की स्वायत्त एवं संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम और कमजोर करना कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एकमात्र एजेंडा बन गया है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्हें न राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता है, न जनकल्याण की और न ही देश के सम्मान एवं गरिमा की। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना है और वह भी जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने और निजी लाभ उठाने के लिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी, ध्यान से सुनिए: किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाता।’’

नड्डा ने कहा कि देश की जनता विपक्ष के दोहरे मापदंड और उसकी नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है।

उन्होंने कहा, ‘‘देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों को जनता ने पहले भी करारा सबक सिखाया है और वह भविष्य में भी ऐसा ही करेगी।’’

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में