दिल्ली में शाम को आंधी, गरज के साथ छीटें पड़ने का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी

दिल्ली में शाम को आंधी, गरज के साथ छीटें पड़ने का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी

दिल्ली में शाम को आंधी, गरज के साथ छीटें पड़ने का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी
Modified Date: May 28, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: May 28, 2026 5:36 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार शाम को कई जगहों पर आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, शहर में हल्की से मध्यम बारिश होने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जो 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति अख्तियार कर सकती हैं।

‘स्काईमेट’ के महेश पलावत ने कहा, “राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में पहले ही गरज के साथ बारिश शुरू हो चुकी है और शाम तक दिल्ली में भी यह सिलसिला शुरू होने तथा पूरी रात जारी रहने का अनुमान है।”

पलावत के अनुसार, शुक्रवार को आंधी-बारिश की तीव्रता और बढ़ने के आसार हैं तथा यह दौर 30 मई तक जारी रह सकता है। उन्होंने बताया कि 30-31 मई को इस मौसम प्रणाली के गुजरात की तरफ बढ़ने की संभावना है।

पलावत ने कहा, “मानसून-पूर्व बारिश के मौजूदा दौर के दिल्ली में इस महीने की शुरुआत में और अप्रैल में हुई मानसून-पूर्व बारिश के मुकाबले अधिक तीव्र रहने की संभावना है, जिससे पूरे शहर में बड़े पैमाने पर वर्षा होगी।”

मौसम संबंधी ये गतिविधियां पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न चक्रवाती परिसंचरण तथा बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का नतीजा हैं, जिससे शहर में आर्द्रता का स्तर बढ़ गया है।

आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भाषा पारुल माधव

माधव


लेखक के बारे में