उत्तराखंड में देहरादून सहित तीन जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी, बारिश संबंधी घटनाओं में 12 की मौत

Ads

उत्तराखंड में देहरादून सहित तीन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी, बारिश संबंधी घटनाओं में 12 की मौत

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 04:29 PM IST

देहरादून, दो सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में बारिश संबंधी विभिन्न घटनाओं में दर्जनभर लोगों की मौत के एक दिन बाद बुधवार को मौसम विभाग द्वारा देहरादून सहित तीन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा के ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किये जाने पर जिला प्रशासनों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की संभावना जताये जाने के मद्देनजर बुधवार को नैनीताल, पिथौरागढ़ तथा बागेश्वर जिलों में 12वीं कक्षा तक के स्कूलों में अवकाश रहा ।

मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में मेघ गर्जन एवं आकाशीय बिजली चमकने के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जतायी । राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश के पूर्वानुमान के साथ ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया ।

अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासनों को सतर्कता बरतने और किसी भी घटना के बाद त्वरित कार्रवाई की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पिछले 24 घंटों में राज्य में कई स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हुई। इस अवधि में नैनीताल जिले में कई स्थानों में बहुत भारी बारिश हुई। नैनीताल शहर में 217 मिलीमीटर (मिमी), भीमताल में 161 मिमी, मुक्तेश्वर में 140 मिमी, हल्द्वानी में 122 मिमी, धारी में 114 मिमी, कैंची धाम में 105 मिमी, कुश्याकुटोली में 93.5 मिमी, खांस्यू में 92 मिमी और बेतालघाट में 80.5 मिमी वर्षा दर्ज की गयी ।

पिथौरागढ़ के झूलाघाट में 78.5 मिमी, चंपावत में 74 मिमी और नैनीताल जिले के कालाढूंगी में भी 66.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी जबकि अन्य जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश हुई ।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अुनसार राज्य में मंगलवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में 12 लोगों की मृत्यु हो गयी ।

देहरादून में तीन घटनाओं में दो बच्चों समेत चार व्यक्तियों की पानी में बहने से मौत हो गयी। गुल्लरघाटी-बालावाला रोड के किनारे नहर का पानी मंगलवार शाम अचानक बढ़ जाने से उसमें नौ साल का दिव्यांग बच्चा केपी मौर्य बह गया । बचाव एवं राहत दलों ने बुधवार को उसका शव बरामद किया ।

देहरादून में एक अन्य घटना में चंद्रबदनी क्षेत्र में मंगलवार को 12 वर्षीय सम्राट आसन नदी में बह गया जिसका शव बाद में घटनास्थल से कुछ दूर बरामद हुआ। एक अन्य घटना में मंगलवार तड़के देहरादून के लोअर कंडोली क्षेत्र में भारी बारिश से उफनाई एक बरसाती नदी में एक कार के फंसने से उसमें सवार राजस्थान के जयपुर के दो व्यक्ति बह गए जिनके शव बाद में बरामद कर लिए गए । दोनों की पहचान अक्षय (20) और कनक सचदेव (21) के रूप में हुई है ।

अल्मोड़ा जिले के धारकीतुणी क्षेत्र में मंगलवार को एक पुराने मकान की दीवार के ढह जाने पर उसके नीचे दबने से दो नेपाली मजदूरों की मौत हो गयी। अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र में वडयूडा गांव में मंगलवार को एक मकान ढहने से एक परिवार के तीन सदस्यों–प्रेमा देवी (42), उसकी बेटी कल्पना आर्य (19) और बेटे मनीष कुमार (18) की मौत हो गयी ।

पौड़ी जिले के कोटद्वार में उफनती कोल्हू नदी पार करते समय 26 वर्षीय जेनम और उसकी डेढ़ साल की बच्ची आफिया बह गयी जबकि उसके साथ मौजूद उसका पति सद्दाम की किसी प्रकार से जान बची। बाद में एसडीआरएफ ने दोनों के शव बरामद किए ।

नैनीताल जिले में भीमताल क्षेत्र में मंगलवार को तीन वर्षीय पिहू उफनते ककड़िया नाले में डूब गयी। बाद में उसका शव भीमताल झील से बरामद हुआ ।

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार