केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में शिक्षकों के 13 हजार से अधिक पद रिक्त: शिक्षा मंत्रालय

केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में शिक्षकों के 13 हजार से अधिक पद रिक्त: शिक्षा मंत्रालय

केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में शिक्षकों के 13 हजार से अधिक पद रिक्त: शिक्षा मंत्रालय
Modified Date: March 16, 2026 / 06:14 pm IST
Published Date: March 16, 2026 6:14 pm IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) देश भर के केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में 13,000 से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने लोकसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी साझा की।

चौधरी ने कहा, ‘‘केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में क्रमशः कुल 8,618 और 5,083 शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। नए स्कूल खुलने, सेवानिवृत्ति, इस्तीफा, कर्मचारियों की पदोन्नति, स्थानांतरण, कर्मचारियों के दूसरे विभाग में जाने और स्कूलों के उन्नत बनाए जाने के कारण रिक्तियां उत्पन्न होती रहती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘रिक्तियों को भरना एक सतत प्रक्रिया है और इन विद्यालयों में प्रासंगिक भर्ती नियमों के प्रावधानों के अनुसार रिक्तियों को भरने का प्रयास किया जाता है।’

मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय द्वारा अस्थायी अवधि के लिए अनुबंध के आधार पर भी नियुक्त किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शिक्षण-सीखने की प्रक्रिया में बाधा न आए।

उन्होंने कहा, ‘जल्द से जल्द नियमित शिक्षकों की भर्ती करने का प्रयास किया जाता है ताकि छात्रों के हित प्रभावित न हों।’’

भाषा हक हक वैभव

वैभव


लेखक के बारे में