देहरादून, 19 जून (भाषा) अप्रैल में चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 37 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्री हिमालयी मंदिरों के दर्शन कर चुके हैं जबकि यात्रा के दौरान 198 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार तक कुल 37,35,502 तीर्थयात्रियों ने उच्च गढ़वाल हिमालयी धामों के दर्शन किए। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से केदारनाथ धाम में सबसे ज़्यादा 12,61,397 तीर्थयात्री पहुंचे जबकि बदरीनाथ धाम में 23 अप्रैल के बाद से अब तक 11,67,460 श्रद्धालु आए।
गंगोत्री धाम में अब तक 6,17,427 और यमुनोत्री मंदिर में 5,83,759 श्रद्धालु आ चुके हैं। दोनों धामों के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर खुले थे।
इसके अलावा, गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब में 23 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक 1,05,459 तीर्थयात्री मत्था टेकने पहुंच चुके हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, चारधाम यात्रा में अब तक 198 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 195 मौतें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण हुईं, जबकि तीन अन्य तीर्थयात्रियों ने प्राकृतिक कारणों से दम तोड़ा।
यात्रा के दौरान सबसे ज़्यादा 95 मौतें केदारनाथ में दर्ज की गयीं। इसके बाद बदरीनाथ में 59, यमुनोत्री में 26 और गंगोत्री में 18 लोगों की मृत्यु हुई।
भाषा दीप्ति शफीक
शफीक