नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) बच्चों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ी दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला है कि पिछले डेढ़ साल में कई राज्यों में लगभग 30 शिशुओं को 10 लाख रुपये तक की कीमत पर बेचा गया, जबकि उन्हें 10,000 से 20,000 रुपये में खरीदा गया था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जांच से सामने आई नयी जानकारी से पता चला है कि राजस्थान और गुजरात के आदिवासी इलाकों समेत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से नवजात शिशुओं और बच्चों को खरीदा जाता था और उन्हें दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में उन दंपतियों को बेच दिया जाता था जिनकी कोई संतान नहीं थी।
दिल्ली पुलिस ने तस्करी गिरोह के सिलसिले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कथित तस्कर, बिचौलिए, खरीदार और एक अस्पताल का मालिक शामिल हैं, और पांच नवजातों को बचाया है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, यह गिरोह कथित तौर पर 10,000 से 20,000 रुपये में बच्चे खरीदता था और इसके बाद जाली चिकित्सा और जन्म संबंधी दस्तावेज तैयार करके उन्हें छह लाख से 10 लाख रुपये में बेच देता था।
भाषा शुभम शफीक
शफीक