मणिपुर में मई 2023 से जातीय हिंसा के कारण 58,800 से अधिक लोग विस्थापित हुए: राज्य सरकार
मणिपुर में मई 2023 से जातीय हिंसा के कारण 58,800 से अधिक लोग विस्थापित हुए: राज्य सरकार
इंफाल, 22 अप्रैल (भाषा) मणिपुर में तीन मई 2023 को शुरू हुई जातीय हिंसा के कारण इस साल 30 मार्च तक कुल 58,821 लोग विस्थापित हुए हैं। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी।
मणिपुर कांग्रेस के नेता हरेश्वर गोस्वामी द्वारा दायर एक आरटीआई (सूचना का अधिकार) आवेदन के जवाब में गृह विभाग के सचिवालय द्वारा 20 अप्रैल को ये आंकड़े उपलब्ध कराए गए थे।
विभाग ने मई 2023 से जातीय हिंसा के संबंध में मृतकों और घायलों की संख्या के बारे में कहा, ‘‘मृतकों के परिजनों को दी गई अनुग्रह राशि के अनुसार 217 लोगों को यह राशि उपलब्ध कराई गई।’’
विभाग ने बताया कि 10 मार्च 2026 तक राहत शिविरों की संख्या 174 थी, जबकि ‘मणिपुर पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ द्वारा 3,000 पूर्वनिर्मित (प्री-फेब्रिकेटिड) घरों को तैयार किया गया है।
विभाग ने यह भी कहा कि तीन मई 2023 से अब तक 7,894 स्थायी मकान नष्ट हो गए हैं और 2,646 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
गोस्वामी ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा कि आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के बारे में जानकारी प्राप्त करने में उन्हें ‘‘सात महीने तक प्रयास’’ करना पड़ा।
घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी जिलों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच मई 2023 में जातीय हिंसा भड़क उठी थी।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


