पहलगाम हमले की बरसी: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
पहलगाम हमले की बरसी: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
श्रीनगर/जम्मू, 22 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले के एक साल पूरा होने पर इस घटना में जान गंवाने वालों को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पिछले साल 22 अप्रैल को बैसरन घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों (25 पर्यटक और एक स्थानीय व्यक्ति) को याद किया।
उपराज्यपाल ने कहा कि इस आतंकी हमले को न तो भुलाया जाएगा और न ही माफ किया जाएगा।
सिन्हा ने हमले की पहली बरसी पर अपने संदेश में कहा, ‘‘हम नहीं भूलेंगे। हम माफ नहीं करेंगे। यह हमारी दृढ़ प्रतिज्ञा है। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। हम जम्मू कश्मीर की धरती से आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए अटूट प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प का वादा करते हैं।’’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और इस क्षेत्र को पीड़ा और बेगुनाह लोगों की मौतों से मुक्त करने की अपनी इच्छा के प्रति दृढ़ हैं।
अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक साल बीत गया, हम आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ एकजुट हैं। जम्मू-कश्मीर को पीड़ा और निर्दोष लोगों की मौत से मुक्त कराने की हमारी इच्छा दृढ़ है। ऐसा दोबारा कभी नहीं हो, इसके लिए हम हर संभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध हैं।’’
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर की पवित्र भूमि से जुड़ा होने के कारण यह दर्द मेरे लिए बेहद व्यक्तिगत है।’’
सिंह ने कहा कि देश ने अपार पीड़ा झेली है, लेकिन साथ ही विपरीत परिस्थितियों में ‘अदम्य साहस और दृढ़ता’ भी दिखाई है।
आतंकवाद के खिलाफ देश के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भारत किसी भी प्रकार के आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा। हिंसा के ये कायरतापूर्ण कृत्य कभी सफल नहीं होंगे।’’
भाषा शोभना वैभव
वैभव

Facebook


