पहलगाम हमले में मारे गए व्यक्ति पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यूएपीए के तहत मामला दर्ज

पहलगाम हमले में मारे गए व्यक्ति पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यूएपीए के तहत मामला दर्ज

पहलगाम हमले में मारे गए व्यक्ति पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यूएपीए के तहत मामला दर्ज
Modified Date: July 6, 2026 / 02:35 pm IST
Published Date: July 6, 2026 2:35 pm IST

कोल्लम, छह जुलाई (भाषा) पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए एक व्यक्ति की बेटी के वीडियो पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने केरल के एक व्यक्ति के खिलाफ सख्त यूएपीए कानून के तहत मामला दर्ज किया है। उसे सऊदी अरब से लौटने पर गिरफ्तार किया गया था।

मलप्पुरम जिले के ऐक्करप्पाडी निवासी 26 वर्षीय मुहम्मद सानूफ के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) लगाया गया है। उसे चार जुलाई को करिपुर हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था।

पिछले साल, कोल्लम की मुट्टम पुलिस ने सानूफ के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उस पर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कोच्चि निवासी एन. रामचंद्रन की बेटी के एक वीडियो पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप था।

यह मामला भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक नेता की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

पुलिस ने सानूफ के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था, जिसके आधार पर उसे हवाई अड्डे पर पहुंचने पर हिरासत में लिया गया।

मुट्टम पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के बाद उस पर यूएपीए लगाया गया।

पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच के दौरान उन्हें अहम सबूत मिले, जिसके आधार पर यूएपीए लगाने का फैसला किया गया। सानूफ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि वे विस्तृत पूछताछ के लिए उसकी हिरासत की मांग करते हुए अदालत का रुख करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जांच अपराध शाखा या आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) को सौंपे जा सकती है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया, ‘‘कैसे एक युवा मलयाली का मतिभ्रम किया जाता है कि वह पहलगाम आतंकी हमले में केरल के ही एक व्यक्ति की बेरहम और निर्मम हत्या का जश्न मनाता है।’’

गिरफ्तारी को ‘‘चेतावनी’’ बताते हुए चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि ‘‘सालों की तुष्टीकरण की नीति, कट्टरपंथ और कांग्रेस-माकपा के राजनीतिक पाखंड’’ का नतीजा है।

उन्होंने यह भी कहा कि केरल का भविष्य ‘‘भारत की विकास गाथा के साथ गहरे जुड़ाव’’ में निहित है। उन्होंने इस तरह की ‘‘खतरनाक राजनीति’’ को खत्म करने और ‘‘काम की राजनीति’’ शुरू करने का आह्वान किया।

भाषा वैभव नरेश

नरेश


लेखक के बारे में