पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानन कंपनियों पर प्रतिबंध बढ़ाया
पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानन कंपनियों पर प्रतिबंध बढ़ाया
नयी दिल्ली/इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगाए गए प्रतिबंध को मंगलवार को 24 मई तक के लिए बढ़ा दिया।
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए थे। पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र 24 अप्रैल, 2025 से भारतीय विमानों के लिए बंद है, वहीं पिछले साल 30 अप्रैल से पाकिस्तानी विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति नहीं है।
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने ‘नोटिस टू एयरमेन’ (नोटम) में कहा है कि ‘‘सभी भारतीय-पंजीकृत, पट्टे पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमानों को 24 मई, 2026 को सुबह पांच बजे तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।’’
यह नोटिस पिछले नोटिस की समय सीमा 24 अप्रैल समाप्त होने से कुछ दिन पहले जारी किया गया।
पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लागू हुए अब लगभग एक साल हो गया है, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय विमानों को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए लंबे मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं।
भारत ने पाकिस्तानी विमानों को 24 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे तक अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने से रोक रखा है और इस प्रतिबंध को आगे भी बढ़ाए जाने की संभावना है।
पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए विभिन्न कदमों के तहत लगाया गया यह प्रतिबंध शुरू में 24 मई, 2025 तक था और बाद में इसे हर महीने बढ़ाया गया।
हवाई क्षेत्र को पूर्व में 1999 के करगिल संघर्ष और 2019 के पुलवामा संकट के दौरान भी बंद किया गया था।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


