यूएई के रास्ते लाया गया पाकिस्तान मूल का छुहारा कांडला बंदरगाह पर जब्त

यूएई के रास्ते लाया गया पाकिस्तान मूल का छुहारा कांडला बंदरगाह पर जब्त

यूएई के रास्ते लाया गया पाकिस्तान मूल का छुहारा कांडला बंदरगाह पर जब्त
Modified Date: August 5, 2026 / 10:15 pm IST
Published Date: August 5, 2026 10:15 pm IST

अहमदाबाद, पांच अगस्त (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के कांडला बंदरगाह पर करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य का पाकिस्तान मूल का 364 टन छुहारा जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि आयातित खेप के संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के होने की बात कहकर इसे भारत मंगाने के प्रयास को नाकाम कर दिया गया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत छुहारे से भरे 13 कंटेनरों को रोका।

डीआरआई ने बताया कि जांच में पता चला कि यह खेप पहले पाकिस्तान से दुबई भेजी गई थी। इसके बाद भारत में पाकिस्तान से वस्तुओं के आयात पर लगी रोक से बचने के प्रयास में इसे अलग-अलग कंटेनरों में लादकर भारत निर्यात किया गया।

यह कार्रवाई डीआरआई द्वारा तमिलनाडु के तूतीकोरीन बंदरगाह के रास्ते आयात की गई करीब 1.4 करोड़ रुपये मूल्य की पाकिस्तान मूल की 14 टन गुग्गुल राल जब्त किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। एजेंसी ने बताया कि इस खेप को सोमालिया मूल की प्राकृतिक राल घोषित किया गया था और इसे दुबई के रास्ते भारत लाया गया था।

पाकिस्तान मूल की गुग्गुल, जो भारत और पाकिस्तान के शुष्क क्षेत्रों में पाई जाने वाली प्रजाति है, वन्य जीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार संबंधी संधि (सीआईटीईएस) के परिशिष्ट-2 में सूचीबद्ध है। इसे प्रकृति संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय संघ (आईयूसीएन) की रेड लिस्ट में ‘अत्यंत संकटग्रस्त’ श्रेणी में भी रखा गया है।

डीआरआई ने बताया कि उस मामले के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

विदेश व्यापार नीति, 2023 के तहत, दो मई, 2025 को विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से किए गए संशोधन के बाद पाकिस्तान से आने वाली सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में