पलानीस्वामी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी कर रहे : उदयनिधि

पलानीस्वामी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी कर रहे : उदयनिधि

पलानीस्वामी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी कर रहे : उदयनिधि
Modified Date: April 9, 2026 / 12:58 pm IST
Published Date: April 9, 2026 12:58 pm IST

चेन्नई, नौ अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को निशाना बनाकर की गई ‘‘महामारी संबंधी टिप्पणी’’ को लेकर ई के पलानीस्वामी की आलोचना की और आरोप लगाया कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख उन्हें निशाना बनाने की धुन में उनके पिता के खिलाफ ‘‘मानहानिकारक टिप्पणी’’ कर रहे हैं।

उदयनिधि ने कहा कि अन्नाद्रमुक के महासचिव अब तक उनकी आलोचना कर रहे थे, लेकिन अब अचानक उन्होंने मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

पलानीस्वामी ने बुधवार को चेन्नई में चुनाव प्रचार के दौरान स्टालिन पर निशाना साधते हुए कहा था, “द्रमुक शासन के दौरान क्या सूखा, बाढ़ या चक्रवात आया? या क्या कोरोना महामारी फैली? कुछ भी नहीं हुआ था, अगर यह (महामारी) फैलती, तो वह उसमें चले जाते (मर जाते)।”

उनकी इस टिप्पणी की मुख्यमंत्री और द्रमुक ने तीखी निंदा की थी।

उदयनिधि ने कांग्रेस उम्मीदवार दुरई चंद्रशेखर के समर्थन में पोन्नेरी (अनुसूचित जाति) में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता की पूर्व सहयोगी वी के शशिकला के सामने पलानीस्वामी के दंडवत होने की छवि को भले ही भूल जाने की कोशिश करें लेकिन जनता ‘‘यह भूलने के लिए तैयार नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘… उन्होंने अब मुझे छोड़कर हमारे मुख्यमंत्री को निशाना बनाना शुरू कर दिया है और मानहानिकारक टिप्पणियां कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि पलानीस्वामी ने हाल में उनके खिलाफ भी कुछ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

द्रमुक की युवा इकाई के सचिव ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि उन पर मेरी आलोचना करने की धुन सवार है इसलिए अब से उन्हें….. एडप्पादी पलानीस्वामी के नाम से नहीं जाना जाना चाहिए।’’

उदयनिधि ने कहा कि वह पलानीस्वामी का बुरा नहीं चाहते लेकिन उन्होंने साथ ही तंज कसते हुए कहा, ‘‘मैं आपके लंबे जीवन की कामना करता हूं ताकि आप अन्नाद्रमुक के स्थायी महासचिव के रूप में सेवा देते रहें।’’

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में