नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) ओडिशा के पारादीप तट से लगभग 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला एक जहाज डूब गया, जिसमें चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। इसके बाद भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने बचाव अभियान के लिए अपने तीन जहाज तैनात किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
तटरक्षक के प्रवक्ता ने बताया कि बल्क कैरियर ‘एमवी ओशन विनर’ पर ‘बीस चीनी, तीन म्यांमा के और एक बांग्लादेशी’ नागरिक सवार थे।
उन्होंने बताया कि भारतीय तटरक्षक और भारतीय नौसेना ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
तटरक्षक के प्रवक्ता ने बताया कि आईसीजी के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र ने पास ही मौजूद एक वाणिज्यिक जहाज़ एमटी ऐसोपोस को उस जहाज की तलाश करने और मदद पहुंचाने के लिए भेजा। रात करीब आठ बजे दो लोगों को बचाया गया।
अधिकारी ने बताया कि खोज और बचाव अभियान के लिए आईसीजी के जहाज़ ‘वरद’ और ‘अनमोल’ को तैनात किया गया है, जबकि अभियान को और मज़बूत करने के लिए श्री विजय पुरम से ‘विजित’ जहाज़ को भी भेजा गया है।
भाषा सुरेश आशीष
आशीष