संसदीय समिति ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की, एचईसी में जान फूंकने की योजनाओं पर चर्चा

संसदीय समिति ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की, एचईसी में जान फूंकने की योजनाओं पर चर्चा

संसदीय समिति ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की, एचईसी में जान फूंकने की योजनाओं पर चर्चा
Modified Date: August 21, 2026 / 07:11 pm IST
Published Date: August 21, 2026 7:11 pm IST

रांची, 21 अगस्त (भाषा) संसद की एक समिति ने शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) लिमिटेड के संभावित पुनरुद्धार की योजनाओं पर चर्चा की। एक बयान में यह जानकारी दी गई।

उद्योग संबंधी छह-सदस्यीय संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा कर रहे हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री और संसदीय समिति के सदस्यों ने रांची स्थित एचईसी की वर्तमान स्थिति और इसमें जान फूंकने से जुड़ी भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।’’

तिरुचि शिवा, एचईसी के पुनरुद्धार के लिए गठित उप-समिति के संयोजक कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सदस्य सुलता देव, मल्लू रवि, हंसमुखभाई सोमाभाई पटेल और चंदन चौहान के साथ बृहस्पतिवार को झारखंड पहुंचे थे।

संसदीय दल ने बृहस्पतिवार को रांची स्थित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ‘हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन’ (एचईसी) लिमिटेड का दौरा किया था। दल ने वहां की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और इस सरकारी कंपनी को दोबारा चालू करने की संभावनाओं का अध्ययन किया।

संसदीय दल के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भी शिष्टाचार मुलाकात की।

रेड्डी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एचईसी की स्थापना 1958 में हुई थी। इसके पास 20,000 कर्मचारी, 7,000 एकड़ जमीन और देश की कुछ सबसे बड़ी मशीनरी थी। अपने 68 वर्षों के परिचालन में, केवल तीन वर्षों को छोड़कर, यह कंपनी लगातार घाटे में रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एचईसी का दौरा करने वाली छह-सदस्यीय उप-समिति के रूप में, हमें यह मूल्यांकन करना है कि हम कंपनी को कैसे दोबारा चालू कर सकते हैं और इसे कैसे लाभदायक बना सकते हैं। विशालकाय मशीनरी पुरानी होने के बावजूद काफी प्रभावशाली थीं।’

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में