पार्टी, रात के समय घूमने के खिलाफ नहीं सरकार लेकिन मादक पदार्थ का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं: चेन्निथला
पार्टी, रात के समय घूमने के खिलाफ नहीं सरकार लेकिन मादक पदार्थ का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं: चेन्निथला
कोच्चि, 11 जुलाई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार डीजे पार्टियों, रात के समय बाहर घूमने या सैर-सपाटा के खिलाफ नहीं है लेकिन ऐसी गतिविधियों की आड़ में मादक पदार्थों के इस्तेमाल को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ को एक ‘बड़ी सफलता’ बताते हुए कहा कि अगर डीजे पार्टियों, बड़े होटलों के भीतर प्रतिबंधित मादक पदार्थ पाए गए, तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
चेन्निथला ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “ हम डीजे पार्टियों या फिर रात के समय घूमने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन रात की यह गतिविधियां जिम्मेदारी के साथ होनी चाहिए। डीजे पार्टियों के नाम पर मादक पदार्थों के सेवन की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
उन्होंने कहा कि पुरुषों और महिलाओं दोनों के ही द्वारा मादक पदार्थों के इस्तेमाल की शिकायतें मिल रही हैं।
चेन्निथला ने कहा कि कॉलेज परिसरों और छात्रावासों में भी यह समस्या काफी देखी जा रही है, जो यह दर्शाती है कि इस दिशा में निरंतर कड़ी कार्रवाई जारी रखने की आवश्यकता है।
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की सिफारिश या पक्षपात को स्वीकार नहीं किया जाएगा और संलिप्त व्यक्तियों के रसूख की परवाह किए बिना सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सुमित जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


