‘मसखरों की पार्टी’: राहुल के कार्यक्रम में ‘मिमिक्री’ को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा

Ads

‘मसखरों की पार्टी’: राहुल के कार्यक्रम में ‘मिमिक्री’ को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 09:37 PM IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मध्यप्रदेश में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मिमिक्री’ किए जाने के बाद भाजपा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस एक ‘‘सर्कस’’ बन गई है और राहुल गांधी ‘‘असंस्कारी नाराज़ फूफा’’ की तरह दिखते हैं।

कांग्रेस की ओर से ‘एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो में, स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि को शनिवार को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान गांधी के साथ प्रहसन के वक्त प्रधानमंत्री मोदी की ‘मिमिक्री’ करते देखा गया।

‘स्किट’ में, मणि हंसते हुए मंच पर आए और गांधी को गले लगाते हुए कहा, ‘‘मेरे दोस्त, कैसे हैं आप?’’

इसपर गांधी ने जवाब दिया, ‘‘मैं ठीक हूँ; आप कैसे हैं, मोदी जी?’’

मणि ने जवाब दिया, ‘‘ग्रेट हरासमेंट (अत्यधिक उत्पीड़न)।’’

वह ‘‘मेरे दोस्त’’ कहते हुए लगातार हंसते रहे।

गांधी ने कहा, ‘‘आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा।’’ उन्होंने मणि से कहा, ‘‘मुझे और बताइए।’’

कॉमेडियन हंसते हुए गांधी को गले लगाते रहे और फिर दर्शकों की ओर इशारा करते हुए बोले, ‘‘मां को कुर्सी दो, मां।’’

इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘असंस्कारी नाराज़ फूफा।’’

गोयल ने कहा, ‘‘…सस्ती राजनीति के लिए बार-बार प्रधानमंत्री मोदी का नाम घसीटने के मक़सद से मंच पर आने की ज़रूरत मुझे हमेशा हैरान करती है।’’

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने गांधी की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि जो पार्टी लगभग छह दशकों तक सत्ता में रही, वह ऐसे सर्कस में बदल जाएगी जो अपने ही सिमटते हुए समर्थकों का मनोरंजन करने में लगी है।’’

उन्होंने कहा कि भारतीयों को इस बात का गर्व है कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के ‘‘सबसे लोकप्रिय’’ निर्वाचित नेता हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी कॉमेडियन और मसखरों की पार्टी बन गई है! वे हमेशा के लिए बाहर हो गए हैं… आरआईपी।’’

रीजीजू ने गांधी से पूछा, ‘‘क्या आपको एक बुजुर्ग मां और भारत के प्रधानमंत्री का मज़ाक उड़ाने में ज़रा भी शर्म नहीं आती?’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने कार्यक्रम में आई एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाते हुए दिख रहे हैं।

तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव संदीप पाठक ने ‘मिमिक्री’ करने की घटना को लेकर गांधी पर निशाना साधा और इसे कांग्रेस की हताशा एवं पार्टी में बढ़ता बौद्धिक दिवालियापन बताया।

राज्यसभा सदस्य पाठक ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जब आप भारत के मूल्यों से दूर हो जाते हैं, तो आप भारत से भी दूर हो जाते हैं। और ठीक यहीं पर कांग्रेस रास्ता भटक गई है।’’

भाषा नेत्रपाल सुरेश

सुरेश

ताजा खबर