उप्र : साली की गोली मारकर हत्या करने के बाद जीजा ने की खुदकुशी

Ads

उप्र : साली की गोली मारकर हत्या करने के बाद जीजा ने की खुदकुशी

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 03:03 PM IST

कुशीनगर (उप्र), 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में ससुराल आए एक व्यक्ति ने बुधवार की सुबह अपनी साली की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग निवासी शंभू प्रजापति के 27-वर्षीय दामाद जितेंद्र ने सुबह नाश्ते के बाद 18-वर्षीय साली नैना कुमारी को अपने कमरे में बुलाया।

सूत्रों ने बताया कि बिहार के गोपालगंज निवासी जितेंद्र ने कमरा बंद करके नैना की गोली मारकर हत्या कर दी एवं उसके बाद अपने सिर में भी गोली मार ली।

उन्होंने बताया कि इस घटना में जितेंद्र और नैना की मौके पर ही मौत हो गयी।

सूत्रों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खोला और दोनों के शव बाहर निकाले।

उन्होंने बताया कि घटना का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जयंत यादव ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम सुरेश

सुरेश