दुबई से लौटा यात्री बेंगलुरु हवाईअड्डे पर मुंह में सोना छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया
दुबई से लौटा यात्री बेंगलुरु हवाईअड्डे पर मुंह में सोना छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया
बेंगलुरु, 26 अगस्त (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने बुधवार को दुबई से लौटे एक भारतीय यात्री को बेंगलुरु हवाईअड्डे पर मुंह में कथित तौर पर 82 ग्राम सोने से भरे कैप्सूल छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा। सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह गिरफ्तारी केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-1 पर सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जब एक पुरुष यात्री गाजियाबाद जाने वाली उड़ान में सवार होने के लिए सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजर रहा था। उन्होंने बताया कि यह यात्री तड़के दुबई से आए एक विमान से बेंगलुरु पहुंचा था।
अधिकारी के मुताबिक, “यात्रियों की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों ने देखा कि यात्री संदिग्ध तरीके से व्यवहार कर रहा था और सवालों का ठीक से जवाब नहीं दे रहा था।”
उन्होंने बताया कि यात्री के मुंह में दो कैप्सूल मिले, जिनमें लगभग 82 ग्राम संदिग्ध सोना छिपाकर रखा गया था।
अधिकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि कैप्सूल में छिपाकर रखे गए संदिग्ध सोने को शुद्धता की जांच के लिए भेजा गया है।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि भले ही सोने की मात्रा कम थी, लेकिन यह मामला इसलिए अहम है, क्योंकि संदिग्ध ने सोने को छिपाने के लिए बहुत ही अनोखे और दुर्लभ तरीके का इस्तेमाल किया था।
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


