पटनायक 2024 का विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाने वाले बीजद उम्मीदवारों के साथ करेंगे बैठक

पटनायक 2024 का विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाने वाले बीजद उम्मीदवारों के साथ करेंगे बैठक

पटनायक 2024 का विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाने वाले बीजद उम्मीदवारों के साथ करेंगे बैठक
Modified Date: June 8, 2026 / 06:45 pm IST
Published Date: June 8, 2026 6:45 pm IST

भुवनेश्वर, आठ जून (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की दूसरी वर्षगांठ से पहले, 2024 के ओडिशा विधानसभा चुनावों में शिकस्त का सामना करने वाले बीजद नेताओं की एक बैठक बुलाई है। पार्टी नेताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह बैठक 10 जून को शाम चार बजे बीजद के राज्य मुख्यालय शंख भवन में बुलाई गई है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पटनायक इस बैठक को संबोधित करेंगे तथा राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक कार्यों पर उनका मार्गदर्शन करेंगे।

बीजद के उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह बैठक 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए किये जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

मिश्रा ने कहा कि राज्य भर के पार्टी नेताओं को सार्वजनिक मुद्दों पर जानकारी दी जाएगी, जिनमें बीजद द्वारा शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को कथित रूप से बंद कर दिया जाना और महिलाओं के खिलाफ अपराध, कृषि संकट, उर्वरक की कीमतों और मुद्रास्फीति को लेकर बढ़ती चिंताएं शामिल हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ओडिशा को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में विफल रही है।

यह बैठक राज्य में भाजपा सरकार के 12 जून को दो साल पूरे होने से कुछ ही दिन पहले होने वाली है।

बीजद नेताओं ने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों से पहले सभी 147 विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को जागरूक किया जाएगा। ये चुनाव 2027 की शुरुआत में होने वाले हैं।

भाषा सुभाष संतोष

संतोष


लेखक के बारे में