कोलकाता, 17 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाने वाले भाजपा के पूर्व पंचायत प्रमुख पवित्र कर मंगलवार को फिर से तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद से पवित्र कर को आगामी विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से अधिकारी के खिलाफ उतारे जाने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम-2 प्रखंड की बॉयल-1 ग्राम पंचायत के पूर्व प्रमुख कर ने तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा।
तृणमूल ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि कर भाजपा के “जनविरोधी रुख” से असंतुष्ट थे।
कर ने नवंबर 2020 में तृणमूल छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था और बॉयल-1 क्षेत्र में पार्टी के संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई। उन्हें 2021 के विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र में भाजपा को बढ़त दिलाने में अहम माना जाता है।
वर्ष 2021 के चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर करीब 1,900 वोटों के मामूली अंतर से हराया था।
उम्मीदवारों की सूची घोषित होने से कुछ घंटे पहले कर के तृणमूल में शामिल होने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी उन्हें नंदीग्राम से अधिकारी के खिलाफ मैदान में उतार सकती है।
भाषा राखी राखी पवनेश
पवनेश