भुवनेश्वर, छह फरवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर में साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर शुक्रवार को चिंता व्यक्त की और लोगों को डिजिटल उपकरणों के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुर्मू ने कहा कि लोगों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने के लिए वित्तीय साक्षरता को स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के कारण लोग अपनी जीवनभर की कमाई खो सकते हैं और मानसिक तथा सामाजिक कष्ट झेल सकते हैं। दूरदराज, आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे नागरिक हैं, जिन्हें डिजिटल उपकरणों की जानकारी नहीं हैं।”
मुर्मू ने यहां ओडिशा सरकार द्वारा ‘ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क’ (जीएफटीएन) के सहयोग से आयोजित ‘ब्लैक स्वान समिट’ में कहा, ‘‘इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करने और उन्हें सतर्क और सावधान रहने की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा कि केंद्र ने डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए विभिन्न उपाय किए हैं, जिनमें भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र, नागरिक वित्तीय साइबर धोखाधड़ी रिपोर्टिंग एवं प्रबंधन प्रणाली और साइबर धोखाधड़ी निवारण केंद्र की स्थापना शामिल है।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप