लोगों की खुशी और शांतिपूर्ण जीवन मेरी प्राथमिकता रहेगी: रमेश चेन्निथला
लोगों की खुशी और शांतिपूर्ण जीवन मेरी प्राथमिकता रहेगी: रमेश चेन्निथला
तिरुवनंतपुरम, 18 मई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि राज्य की नई चेन्निथला सरकार में मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता केरल के लोगों को खुशी और शांतिपूर्ण जीवन प्रदान करने की होगी।
चेन्निथला ने कहा कि राज्य में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ऐसी सरकार होगी जो केरल के लोगों को उम्मीद देगी।
राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शपथ लेने से कुछ घंटे पहले उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘मेरी प्राथमिकता राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखकर लोगों के लिए खुशी और शांतिपूर्ण जीवन सुनिश्चित करना होगा।’
गृह विभाग का प्रभार दिए जाने के संबंध में उन्होंने कहा, “इस बार मुख्यमंत्री ने मुझसे कहा कि मैं अपनी पसंद का कोई भी विभाग चुन सकता हूं। पार्टी नेतृत्व के निर्देश और लोगों की इच्छा को ध्यान में रखते हुए मैंने गृह मंत्री के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल होने का फैसला किया।”
चेन्निथला ने कहा कि 26 वर्ष की उम्र में मंत्री बनने के बाद से पार्टी ने उन्हें कई अवसर दिए हैं। उनके मुताबिक, इतनी कम उम्र में मंत्री बनना राज्य में एक रिकॉर्ड था।
उन्होंने यह भी कहा कि हरिपाद विधानसभा सीट से जितनी बार भी उन्होंने जीत हासिल की, उनकी जीत का अंतर हर बार बढ़ता गया, जो उनके प्रति जनसमर्थन को दर्शाता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि यूडीएफ मंत्रिमंडल के सभी मंत्री जनता के सपनों और कल्याण के लिए काम करेंगे।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


