सवाल पूछने वाले को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया, मंत्री चीमा को बर्खास्त किया जाए: कांग्रेस
सवाल पूछने वाले को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया, मंत्री चीमा को बर्खास्त किया जाए: कांग्रेस
नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने पंजाब में नशे के मुद्दे पर सवाल उठाने वाले एक व्यक्ति की कथित आत्महत्या को लेकर मंगलवार को राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘इस मामले से संबंधित’’ वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
कांग्रेस का आरोप है कि नशे के कारण अपने बेटे की बर्बादी का दर्द बयां करने और चीमा से खुलेआम नशा बिकने को लेकर सवाल पूछने वाले गुलजार सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
इस आरोप पर आम आदमी पार्टी और चीमा की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि गुलजार सिंह पर सच बोलने के लिए माफी मांगने का दबाव बनाया गया था।
उन्होंने कहा कि मृतक पिता ने स्पष्ट रूप से कहा था कि उनकी मौत के लिए मंत्री चीमा जिम्मेदार हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘अगर आप सरकार नशा माफियाओं से नहीं मिली है तो संबंधित मंत्री की तुरंत बर्खास्तगी होनी चाहिए।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सत्ता के अहंकार में आप नेता भूल गए हैं कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। यह शर्मनाक है कि जो सरकार नशे को पूरी तरह खत्म करने के वादे के साथ आई थी, वह आज सवाल पूछने वालों की बलि ले रही है।’’
रमेश ने कुछ दिन पहले पंजाब पुलिस द्वारा एक नौजवान मोहनजीत शेरों को कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि शेरों ने नशे के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम में विरोध किया था।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘जनता सब देख रही है। हर जुल्म और अहंकार का हिसाब देना ही होगा।’’
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा

Facebook


