‘पेटा इंडिया’ का केंद्र से दो अक्टूबर से मांस के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह
'पेटा इंडिया' का केंद्र से दो अक्टूबर से मांस के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) पशु अधिकार संगठन ‘पेटा इंडिया’ ने केंद्र सरकार से दो अक्टूबर से होर्डिंग, टेलीविजन, ऑनलाइन मंचों और अन्य मीडिया माध्यमों पर मांस के प्रचार वाले विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया है।
संगठन ने कहा कि यह कदम महात्मा गांधी के अहिंसा के प्रति संकल्प का सम्मान होगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में ‘पेटा इंडिया’ ने पशु कल्याण, जन स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए देशभर में मांस के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
पेटा इंडिया की वरिष्ठ प्रबंधक (वीगन एवं कॉरपोरेट परियोजनाएं) डॉ. किरण आहूजा ने कहा, ‘‘पेटा इंडिया अनुरोध कर रहा है कि देश में मांस के विज्ञापनों को समाप्त करके और भारत की लंबे समय से चली आ रही करुणामय, स्वस्थ तथा टिकाऊ मांस-मुक्त खाद्य परंपराओं को प्रोत्साहित करके गांधीजी की अहिंसा की विरासत का सम्मान किया जाए।’
संगठन ने कई यूरोपीय शहरों में मांस के विज्ञापनों पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कदम पर्यावरण संबंधी चिंताओं को देखते हुए उठाए गए हैं।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


