एससीबीए चुनाव टालने के लिए उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर
एससीबीए चुनाव टालने के लिए उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) उच्चतम न्यायालय में मंगलवार को एक याचिका दायर की गई, जिसमें 18 अगस्त को होने वाले सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के चुनाव को टालने का आग्रह किया गया है।
याचिका में कहा गया है कि चुनाव कार्यक्रम ‘‘बहुत कम समय वाला’’ है और निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए ‘‘पर्याप्त समय’’ की जरूरत होती है।
वरिष्ठ अधिवक्ता और एससीबीए के पूर्व अध्यक्ष आदिश सी अग्रवाल की ओर से दायर याचिका में उच्चतम न्यायालय के 15 जुलाई के उस आदेश में संशोधन का अनुरोध किया गया है, जिसमें चुनाव प्रक्रिया, चुनाव समिति के गठन और चुनाव कार्यक्रम के बारे में निर्देश दिए गए थे।
याचिका में कहा गया है कि समिति ने 24 जुलाई को एक अधिसूचना जारी कर मतदान के लिए 18 अगस्त की तारीख निर्धारित की।
इसमें कहा गया है कि इस चुनाव कार्यक्रम ने एक सदस्य, मतदाता और ‘‘उम्मीदवार बनने के इच्छुक व्यक्ति’’ के तौर पर आवेदक (अग्रवाल) के अधिकारों को ‘‘सीधे तौर पर प्रभावित’’ किया, क्योंकि मतदाता सूची के प्रकाशन और सुधार, आपत्तियों के निपटारे, नामांकन एवं प्रचार के लिए ‘‘बहुत कम समय’’ तय किया गया है।
याचिका में कहा गया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए मतदाता सूची तैयार करने और जांच-पड़ताल के लिए पर्याप्त समय की जरूरत होती है। इसमें कहा गया है कि मौजूदा कार्यक्रम ‘‘मनमाना, अनुचित और नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ’’ है, क्योंकि यह मतदाता सूची के बारे में शिकायतों पर ठीक से विचार करने का उचित अवसर नहीं देता।
भाषा नेत्रपाल पारुल
पारुल

Facebook


