पायलटों के संगठन ने विमान दुर्घटना न्यायिक जांच की मांग फिर से उठाई
पायलटों के संगठन ने विमान दुर्घटना न्यायिक जांच की मांग फिर से उठाई
अहमदाबाद, 11 जून (भाषा) पायलटों के संगठन ‘फेडरेशन ऑफ़ इंडियन पायलट्स’ (एफआईपी) ने एक साल पहले हुई ‘एआई-171’ दुर्घटना की न्यायिक जांच की अपनी मांग दोहराई और अधिकारियों से कोई भी अंतरिम जांच रिपोर्ट जारी न करने का आग्रह किया।
बारह जून, 2025 को लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में उड़ान में सवार 241 लोग और ज़मीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे। इस हादसे में सिर्फ़ एक यात्री ही बचा था।
विमान दुर्घटना की पहली बरसी से एक दिन पहले एफआईपी के अध्यक्ष सी.एस. रंधावा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संगठन चाहता है कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) पूरी जांच के बाद ही अपनी अंतिम रिपोर्ट जारी करे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जारी जांच में कई कमियां हैं और इसने अनुचित तरीके से ध्यान पायलटों की ओर मोड़ दिया है।
मीडिया की उन खबरों का ज़िक्र करते हुए जिनमें कहा गया है कि एएआईबी जल्द ही एक अंतरिम रिपोर्ट जारी कर सकता है, रंधावा ने कहा कि ऐसा करने से और ज़्यादा भ्रम एवं अटकलें पैदा होंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर जांच से कोई नतीजा नहीं निकलता है, तो अंतरिम रिपोर्ट जारी करने से सिर्फ़ और गलतफहमियां ही पैदा होंगी। जांच पूरी होने पर ही अंतिम रिपोर्ट जारी की जानी चाहिए।’’
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


