पिनराई विजयन ने दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों को समर्थन दिया

पिनराई विजयन ने दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों को समर्थन दिया

पिनराई विजयन ने दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों को समर्थन दिया
Modified Date: July 19, 2026 / 05:09 pm IST
Published Date: July 19, 2026 5:09 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने रविवार को कहा कि देश का युवा ‘संघ परिवार’ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के ‘तानाशाही शासन’ के सामने झुकेगा नहीं।

विजयन ने नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेताओं को अपना समर्थन दिया।

माकपा नेता ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल में शामिल ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) के अध्यक्ष आदर्श एम. साजी और संयुक्त सचिव आइशी घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संदेश लोकतंत्र के लिए लड़ रहे सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक है।

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि संघ परिवार और (नरेन्द्र) मोदी सरकार के ‘तानाशाही शासन’ के सामने झुकने से इनकार करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं की दृढ़ आवाज, उसे ‘दबाने की कोशिशों’ के बावजूद पूरे देश में गूंज रही है।

उन्होंने कहा, “हमारे छात्र ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। किसी भी सरकार को उनके सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य से मुंह नहीं मोड़ना चाहिए। देश को ऐसे नजरिए की जरूरत है, जो विद्यार्थियों की बात सुने, उनसे संवाद करे और उनकी चिंताओं का समाधान करे। ”

विजयन ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संघर्ष कर रहे विद्यार्थियों के साथ एकजुटता जताते हुए भूख हड़ताल में शामिल सभी लोगों को अपना समर्थन और शुभकामनाएं दीं।

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) नीट पेपर लीक समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन और भूख हड़ताल कर रही है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में