प्रधानमंत्री ने बिहार के नए मंत्रियों को बधाई दी
प्रधानमंत्री ने बिहार के नए मंत्रियों को बधाई दी
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को शपथ ग्रहण करने वाले बिहार के नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई दी और कहा कि वह आश्वस्त हैं कि सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता राज्य को समृद्धि की नयी ऊंचाई पर ले जाएगी।
भाजपा के नेतृत्व वाली बिहार की पहली सरकार की मंत्रिपरिषद में एक बड़े विस्तार के तहत, जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और 31 अन्य ने प्रधानमंत्री मोदी तथा कई केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ ली।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘बिहार की राजग सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि राज्य के चौतरफा विकास के लिए आपकी प्रतिबद्धता हमारे इस प्रदेश को समृद्धि की नयी ऊंचाई पर ले जाएगी। आइए, हम सब मिलकर एक सशक्त बिहार और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करें।’’
वहीं, पटना में अपने रोडशो को मिली व्यापक जन प्रतिक्रिया पर उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘पटना में बिहार के अपने परिवारजनों का स्नेह और आशीर्वाद पाकर अभिभूत हूं! इस स्वागत के लिए आप सभी का हृदय से आभार। आपके अभूतपूर्व उत्साह से साफ है कि विकास और जनसेवा के हमारे संकल्प को जनता-जनार्दन का भरपूर समर्थन मिल रहा है।’’
पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्य में राजग के सभी पांच घटक दलों से चुने गए कुल 32 नेताओं को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने मंत्री पद की शपथ दिलाई।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


