प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों से नाश्ते पर मुलाकात की: सत्र के सुचारू संचालन पर दिया जोर

Ads

प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों से नाश्ते पर मुलाकात की: सत्र के सुचारू संचालन पर दिया जोर

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 03:06 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 03:06 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी में हाल में शामिल हुए आम आदमी पार्टी के कुछ पूर्व नेताओं समेत 37 पार्टी सांसदों के साथ सुबह के नाश्ते पर बैठक की और इस बात पर जोर दिया कि संसद में बिना किसी अवरोध के सुचारू तरीके से कामकाज होना चाहिए।

सूत्रों ने कहा कि मोदी ने सार्वजनिक जीवन के अपने अनुभव साझा किये और इस बारे में मार्गदर्शन किया कि सांसदों को संसद को कितनी गंभीरता से लेना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने सांसदों से यह भी कहा कि वे रोजाना कम से कम एक या दो घंटे संसद के पुस्तकालय में बिताएं। इसके अलावा, उन्होंने सांसदों को युवाओं से जुड़ने और अपने संसदीय क्षेत्रों में युवाओं व खेल गतिविधियों पर ध्यान देते हुए सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) को सक्रिय रूप से लागू करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बैठक में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ और विनोद तावडे के साथ ही पूर्व आप नेता स्वाति मालीवाल, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक और विक्रमजीत सिंह साहनी भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री मोदी पिछले कई वर्षों से संसद सत्र के दौरान नाश्ते पर सांसदों से मिलते रहे हैं। ऐसी बैठकों में सांसदों को प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है।

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई को हुई थी और दोनों सदनों में तब से राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर गतिरोध बना हुआ है।

भाषा वैभव अविनाश

अविनाश

अविनाश