दिल्ली एवं इंदौर की घटनाओं में हुई मौतों पर मोदी ने शोक जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा की

दिल्ली एवं इंदौर की घटनाओं में हुई मौतों पर मोदी ने शोक जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा की

दिल्ली एवं इंदौर की घटनाओं में हुई मौतों पर मोदी ने शोक जताया, अनुग्रह राशि की घोषणा की
Modified Date: March 18, 2026 / 06:19 pm IST
Published Date: March 18, 2026 6:19 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के पालम और मध्यप्रदेश के इंदौर में आग लगने की घटनाओं में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है तथा प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

बुधवार को हुई इन दोनों घटनाओं में कुल 17 लोगों की मृत्यु हो गयी।

प्रधानमंत्री ने इन घटनाओं में प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मध्यप्रदेश के इंदौर में आग की दुर्घटना में लोगों की मौत से मैं अत्यंत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।”

एक अन्य पोस्ट में मोदी ने कहा, “दिल्ली के पालम में आग की घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जायेंगे।”

इंदौर में बुधवार तड़के एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गयी। यह आग इमारत के बाहर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग प्वॉइंट पर हुए विस्फोट के बाद लगी।

एक अन्य घटना में, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के नौ लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें 70-वर्षीय एक महिला और उनकी तीन पोतियां शामिल थीं।

भाषा रंजन सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में