मोदी ने बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, राज्य की प्रगति में उनके समर्पण को याद किया

मोदी ने बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, राज्य की प्रगति में उनके समर्पण को याद किया

मोदी ने बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, राज्य की प्रगति में उनके समर्पण को याद किया
Modified Date: March 5, 2026 / 04:19 pm IST
Published Date: March 5, 2026 4:19 pm IST

भुवनेश्वर, पांच मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की 110वीं जयंती पर उन्हें बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी और राज्य की प्रगति के लिए उनके समर्पण को याद किया।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी तथा उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव और प्रवती परीदा ने भी विधानसभा परिसर में पटनायक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज बीजू पटनायक की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ओडिशा की प्रगति को आगे बढ़ाने के प्रति उनके समर्पण का स्मरण करता हूं।’’

माझी ने कहा कि ओडिशा सरकार पटनायक के सपनों को साकार करने और एक समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “बीजू पटनायक एक महान स्वतंत्रता सेनानी, उद्योगपति, कुशल पायलट और नेता थे। छात्र जीवन से लेकर आपातकाल के दौर तक उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन ओडिशा और उसके विकास के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कभी अपनी गरिमा या आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, इसलिए वह हर उड़िया भाषी के दिल में बसते हैं।’’

बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अपने पिता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

नवीन पटनायक ने कहा, “महान और जनप्रिय नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। उड़िया समाज के सम्मान को बढ़ाने और ओडिशा को एक बेहतर राज्य बनाने का उनका मजबूत संकल्प हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।”

बीजू जनता दल (बीजद) के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता राज्य भर में पटनायक की जयंती उत्साह के साथ मना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए हैं।

भाषा खारी माधव

माधव


लेखक के बारे में