प्रधानमंत्री मोदी की मितव्ययिता संबंधी उपाय अपनाने की अपील राष्ट्र हित में है: चौहान

प्रधानमंत्री मोदी की मितव्ययिता संबंधी उपाय अपनाने की अपील राष्ट्र हित में है: चौहान

प्रधानमंत्री मोदी की मितव्ययिता संबंधी उपाय अपनाने की अपील राष्ट्र हित में है: चौहान
Modified Date: May 11, 2026 / 05:07 pm IST
Published Date: May 11, 2026 5:07 pm IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता संबंधी उपाय अपनाने की अपील राष्ट्र हित में है और सभी को इस पर अमल करना चाहिए।

चौहान ने कहा कि इस अपील का उद्देश्य लोगों को ईंधन बचाने के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा देना है, क्योंकि ईंधन एक सीमित संसाधन है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि केंद्र सरकार लोगों को युद्ध के प्रतिकूल प्रभावों से बचाने के लिए प्रयास कर रही है और उन्होंने नागरिकों से चुनौतियों से पार पाने और देश की मदद करने के लिये कदम उठाने का आह्वान किया था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई द्वारा रविवार को हैदराबाद में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने पेट्रोल और डीजल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिकतम उपयोग, पार्सल भेजने के लिए रेल सेवाओं का उपयोग और घर से काम करने जैसे उपायों का सुझाव दिया था।

विदेशी मुद्रा बचाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, मोदी ने लोगों से एक वर्ष के लिए सोने की खरीद नहीं करने और विदेश यात्रा को स्थगित करने का आग्रह किया था।

चौहान ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘उनके सुझाव व्यापक राष्ट्रीय और जनहित में हैं और हम सभी को इन पर अमल करना चाहिए। दूरदर्शी नेतृत्व का यही अर्थ होता है कि हमेशा राष्ट्र और उसकी जनता के बारे में सोचना और हर संकट में देश का मार्गदर्शन करना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान स्थिति हम सभी के सामने है। हमारे पास असीमित तेल भंडार नहीं हैं जिनका उपयोग बिना किसी चिंता के किया जा सके। एक दूरदर्शी नेता भविष्य की सोचकर यह सुनिश्चित करता है कि न तो राष्ट्र और न ही उसके लोगों को किसी कठिनाई का सामना करना पड़े। इसीलिए वह देश से अपील करते हैं, दिशा प्रदान करते हैं और लोगों को प्रेरित करते हैं।’’

कोविड-19 महामारी की स्थिति का हवाला देते हुए चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही देश इस संकट से उबरने में सक्षम हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री एक ऐसे राष्ट्रीय नेता हैं जो राष्ट्र को अपने हृदय में बसाए रखते हैं। वह दूरदर्शी नेता हैं। हमने यह कोविड-19 अवधि के दौरान भी देखा। उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता के कारण ही हमारा देश इस संकट से उबर पाया था।’’

भाषा देवेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में