प्रधानमंत्री 17 जुलाई को स्वास्थ्य से जुड़ी अहम परियोजनाएं देश को समर्पित करेंगे: पीजीआईएमईआर निदेशक
प्रधानमंत्री 17 जुलाई को स्वास्थ्य से जुड़ी अहम परियोजनाएं देश को समर्पित करेंगे: पीजीआईएमईआर निदेशक
चंडीगढ़, 13 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में अहम अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
मोदी ‘अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु केंद्र’ और ‘अत्याधुनिक तंत्रिका विज्ञान केंद्र’ को देश को समर्पित करेंगे और साथ ही 150 बिस्तर वाले ‘क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक’ की आधारशिला भी रखेंगे। इन सभी परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 1,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने सोमवार को कहा कि यह मौका संस्थान की स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में बेहतरीन काम करने की यात्रा में एक अहम पड़ाव होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ये केंद्र उत्तर भारत के लाखों मरीजों को अत्याधुनिक, आसानी से सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की हमारी क्षमता में एक परिवर्तनकारी छलांग को दर्शाते हैं।’’
लाल ने बताया कि 505 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु केंद्र’ में अत्याधुनिक तकनीक लगी है।
उन्होंने कहा, ‘‘300 बिस्तरों वाली इस सुविधा में एडवांस्ड नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और एक ही छत के नीचे मां और नवजात शिशु के लिए व्यापक सेवाएं मौजूद हैं। इससे पीजीआईएमईआर की हर साल उच्च जोखिम वाले प्रसव संबंधी 6,000 से अधिक मामलों को संभालने की क्षमता के और मजबूत होने की उम्मीद है।’’
उन्होंने उन्नत मेडिकल उपकरण खरीदने के लिए 147 करोड़ रुपये का योगदान देने के लिए इन्फोसिस फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘अत्याधुनिक तंत्रिका विज्ञान केंद्र’ में 300 बिस्तर होंगे, जहां तंत्रिका रोग, न्यूरोसर्जरी, न्यूरोरेडियोलॉजी, न्यूरोएनेस्थीसिया, न्यूरोक्रिटिकल केयर और पुनर्वास सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।
भाषा संतोष वैभव
वैभव

Facebook


