प्रधानमंत्री पहले विश्व योगासन खेल चैम्पियनशिप के उद्घाटन समारोह में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे
प्रधानमंत्री पहले विश्व योगासन खेल चैम्पियनशिप के उद्घाटन समारोह में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि अहमदाबाद में बृहस्पतिवार से प्रथम विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 की शुरूआत होगी। उन्होंने इस कार्यक्रम में अपनी ‘वर्चुअल’ भागीदारी की भी पुष्टि की।
मोदी ने बुधवार को कहा कि योग विश्व भर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘…चार जून को अहमदाबाद में एक बेहद खास प्रतियोगिता, प्रथम विश्व योगासन खेल चैम्पियनशिप 2026 की शुरुआत होगी। इस मंच ने दुनिया भर के योग प्रेमियों को एक साथ लाया है। यह योगासन के वैश्विक खेल मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’’
मोदी ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को शाम 6:40 बजे ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के अभिनव कार्यक्रम का आयोजन करने वालों को मेरी हार्दिक बधाई और इसमें भाग लेने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।’’
एक बयान के अनुसार, 21 जून 2026 को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’’ है, जो शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए एक समग्र दृष्टिकोण के रूप में योग की बढ़ती वैश्विक मान्यता को दर्शाता है।
भाषा धीरज सुभाष
सुभाष

Facebook


