पीएमके संस्थापक रामदास ने राज्यपाल से टीवीके को सरकार बनाने का आमंत्रण देने का आग्रह किया
पीएमके संस्थापक रामदास ने राज्यपाल से टीवीके को सरकार बनाने का आमंत्रण देने का आग्रह किया
चेन्नई, नौ मई (भाषा) पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के संस्थापक रामदास ने शनिवार को कहा कि तमिलनाडु के मौजूदा असाधारण राजनीतिक माहौल को देखते हुए राज्यपाल को तुरंत विजय के नेतृत्व वाली ‘तमिलगा वेत्री कषगम’ (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए, क्योंकि वह राज्य में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है।
उन्होंने यहां एक बयान में कहा, ‘‘जनादेश को मानना हर किसी का कर्तव्य है। इस प्रक्रिया में देरी नहीं होनी चाहिए। (सरकार बनाने का) निमंत्रण तुरंत दिया जाना चाहिए।’’
रामदास ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी दलों ने राज्य के कल्याण के हित में टीवीके को अपना समर्थन देने के संकेत पहले ही दे दिए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन को भी इसी राह पर चलते हुए अपना समर्थन देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह अपना समर्थन देते हैं, तो राज्यपाल को औपचारिक रूप से विजय को आमंत्रित करना चाहिए और उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलानी चाहिए।’
उन्होंने कहा, ‘मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, मैं अपने छोटे भाई तिरुमावलवन से आग्रह करता हूं कि वह तुरंत टीवीके को अपना समर्थन दें। ऐसा करके वह तमिलनाडु के लोगों की भावनाओं का सम्मान करेंगे और नयी सरकार के गठन में मदद करेंगे।’
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


