मालदा में न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया
मालदा में न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले में पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया
कोलकाता, दो अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव में कथित संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक चुनाव उम्मीदवार सहित कम से कम 17 लोगों को गिरफ्तार किया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली और 16 अन्य लोगों को गिरफ्तार करके जिला अदालत में पेश किया गया और उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘ये लोग कल रात मालदा में हुई घटना में शामिल थे। हमारे पास पुख्ता सबूत हैं। उनसे पूछताछ की जाएगी।’
बुधवार को मोथाबारी विधानसभा क्षेत्र के कलियाचक द्वितीय ब्लॉक कार्यालय में हुई घटना के बाद ये गिरफ्तारियां की गई हैं। इस घटना में मतदाता सूची संबंधी कार्य में लगे सात न्यायिक अधिकारियों का प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने बीडीओ कार्यालय में साढ़े सात घंटे से अधिक समय तक घेराव किया था। इन अधिकारियों में तीन महिलाएं थीं।
गिरफ्तारी के बाद अली ने आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि उन्हें उनकी राजनीतिक संबद्धता के कारण फंसाया जा रहा है। अदालत में पेशी के दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘मुझे झूठा फंसाया गया है क्योंकि मैं आईएसएफ का उम्मीदवार हूं।’
उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के समय वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे।
उन्होंने कहा, ‘मैं एक धार्मिक कार्यक्रम में गया था और घर लौट रहा था तभी मुझे गिरफ्तार कर लिया गया। मेरे खिलाफ साजिश है।’
पुलिस घटना की जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारयां होने की संभावना से इनकार नहीं किया है।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश

Facebook


