पुलिस ने झपटमारी गिरोह का भंडाफोड़, आईफोन समेत 66 मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने झपटमारी गिरोह का भंडाफोड़, आईफोन समेत 66 मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने झपटमारी गिरोह का भंडाफोड़, आईफोन समेत 66 मोबाइल फोन बरामद
Modified Date: May 14, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: May 14, 2026 9:54 pm IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने आईफोन इस्तेमाल करने वाले लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और चोरी के 66 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान समीर (23), सुहैल (23) और ज़ाहिर उर्फ ​​सलमान (36) के तौर पर हुई है।

पुलिस ने बताया कि गिरोह आईफोन इस्तेमाल करने वाले लोगों को निशाना बनाता था और बाद में चोरी किए गए उपकरणों को अवैध तरीके से बेच देता था।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सराय काले खान इलाके में आईपी पार्क के पास हुई 18 अप्रैल को मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने एक व्यक्ति से उसका आईफोन 17 प्रो छीन लिया था। इस बाबत सनलाइट थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, स्थानीय जानकारी जुटाई और तकनीकी निगरानी की, जिसके बाद समीर और सुहैल को गिरफ्तार किया गया।

दक्षिण-पूर्व दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेमंत तिवारी ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि चोरी का फोन आगे निपटान के लिए एक अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया था। उनकी सूचना के आधार पर, पुलिस ने जहीर उर्फ सलमान को पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके से ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया।’

उन्होंने बताया कि इसके बाद उनके आवास पर छापा मारा गया, और चोरी के 64 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें 50 आईफोन और 14 एंड्रॉइड मोबाइल शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले सुहैल से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए थे, जिससे बरामद किए गए फोनों की कुल संख्या 66 हो गई है।

जांचकर्ताओं के अनुसार, ज़ाहिर ने झपटमारों से चोरी के फोन सस्ते दामों पर खरीदे और बाद में उन्हें बेच दिया।

पुलिस ने बताया कि समीर पहले भी झटपमारी, लूट और जेब काटने से जुड़े 16 आपराधिक मामलों में शामिल था, जबकि सुहैल और जहीर का भी आपराधिक रिकॉर्ड है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में