केरल में मंदिर उत्सव के दौरान पुलिस अधिकारी पर हमला, मामला दर्ज
केरल में मंदिर उत्सव के दौरान पुलिस अधिकारी पर हमला, मामला दर्ज
कोच्चि, 23 फरवरी (भाषा) केरल के आलुवा में पुलिस के एक अधिकारी ने एक संदिग्ध गिरोह के दो बदमाशों को अपनी मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहा जिसके बाद उन्होंने अधिकारी पर कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घायल अधिकारी की पहचान चेंगमनाड पुलिस थाने के वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी रंजीत के रूप में हुई है। घटना के दौरान रंजीत आलुवा शिव मंदिर के पास उत्सव के संबंध में ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब रंजीत आलुवा मनप्पुरम पुल के पास भीड़ नियंत्रण की ड्यूटी कर रहे थे तभी उन्होंने दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल खड़ा करते हुए देखा। दोनों ने जिस तरह से वाहन खड़ा किया था उससे वहां मौजूद भीड़ की आवाजाही में बाधा आ रही थी।
यह देखने के बाद जब रंजीत ने उन्हें दुपहिया वाहन हटाने को कहा तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनपर हमला किया और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद जब एक अन्य अधिकारी मौके पर रंजीत को बचाने के लिए पहुंचा तो आरोपी वहां से फरार हो गए।
आलुवा पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और वाहन के विवरण तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर ली है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी एक ‘गुंडा’ गिरोह के सदस्य हैं और मंदिर के उत्सव में पहुंचने के बाद उन्होंने जनता के बीच भी उपद्रव मचाया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
भाषा प्रचेता माधव
माधव

Facebook


