‘राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन निवेश पर रिटर्न बढ़ाएं’: राहुल ने निवेश सलाहकार से कहा
‘राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन निवेश पर रिटर्न बढ़ाएं’: राहुल ने निवेश सलाहकार से कहा
नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने निवेश सलाहकार से मजाकिया लहजे में कहा, ‘‘मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन कृपया मेरे निवेशों पर रिटर्न में तेजी लाएं।’’
यह राहुल गांधी का अपने निवेश सलाहकार के एक पोस्ट पर मजाकिया लहजे में दिया गया जवाब था, जिसमें सलाहकार ने कहा था कि भाजपा के प्रति उनके समर्थन के बारे में जानते हुए भी, गांधी पेशेवर सेवा और राजनीतिक मान्यताओं में अंतर करते हैं।
निवेश सलाहकार मुथुकृष्णन धंदापानी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं कोई व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने जा रहा हूं। मैं बस यह बताना चाहता हूं कि धारणा वास्तविकता से कितनी अलग होती है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता का समर्थन करने के लिए नहीं है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि चीजें वैसी नहीं हैं जैसी दिखती हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘2013 में, मेरे एक ग्राहक, जो राहुल गांधी के लिए पेशेवर रूप से काम कर रहे थे, ने उन्हें अपने म्यूचुअल फंड निवेशों को संभालने के लिए मेरा नाम सुझाया। 2013 से, जब संप्रग-2 सत्ता में थी, तब से लेकर आज तक, जब विजय ने कांग्रेस के समर्थन से शपथ ली, राहुल गांधी म्यूचुअल फंड निवेशों के लिए मेरे ग्राहक बने हुए हैं।’’
निवेश सलाहकार ने कहा, ‘‘हमने कई ईमेल का आदान-प्रदान किया है और कई बार फोन पर बात भी की है। और जैसा कि आप जानते हैं, मैं 2014 से 2024 तक नरेन्द्र मोदी का प्रबल समर्थक रहा हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल या उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने कभी भी इस विषय को मेरे सामने नहीं उठाया। मेरा मानना है कि मेरे ट्वीट उनके कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से देखे जाते हैं। वे मेरी पेशेवर सेवा और राजनीतिक विचारों के बीच स्पष्ट रूप से अंतर समझते हैं।’’
धंदापानी ने कहा कि राहुल के साथ हुई हर बातचीत में कांग्रेस नेता उनसे सम्मानपूर्वक बात करते हैं।
निवेश सलाहकार की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने मजाकिया लहजे में कहा,‘‘मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन कृपया मेरे निवेशों पर रिटर्न में तेजी लाएं।’’
इसके बाद धंदापानी ने कहा कि गांधी की प्रतिक्रिया से उन्हें सुखद अहसास हुआ।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


