मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर चुनाव के लिए मतदान शुरू
मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर चुनाव के लिए मतदान शुरू
आइजोल, 18 जून (भाषा) मिजोरम की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान शुरू हो गया, जिसके लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्य में सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने पार्टी प्रवक्ता के. लालतलुआंगकिमा को उतारा है, जबकि मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने वकील एवं लेखिका जोथानसांगी ह्मार को चुनाव में उतारा है।
भाजपा और कांग्रेस ने मतदान से दूर रहने का फैसला किया है।
विधानसभा सचिवालय के अतिरिक्त सचिव लालथांगमाविया ने बताया कि विधायकों को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान की अनुमति दी गई है और मतगणना शाम पांच बजे शुरू होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मतदान के लिए सभी तैयारियां और सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मतों की गिनती विधानसभा भवन में होगी।’’
मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा में जेडपीएम के 27, एमएनएफ के 10, भाजपा के दो और कांग्रेस का एक विधायक है।
कांग्रेस विधायक सी. न्गुनलियांचुंगा ने कहा कि वे पार्टी आलाकमान के निर्देश पर अपना वोट नहीं डालेंगे। भाजपा के मीडिया संयोजक जॉनी लालथानपुइया ने भी कहा कि उनके दोनों विधायक राज्यसभा चुनाव के मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे।
भाषा खारी अमित
अमित
अमित

Facebook


