झारखंड में 1.32 करोड़ रुपये का चूरा पोस्त जब्त, एक गिरफ्तार
झारखंड में 1.32 करोड़ रुपये का चूरा पोस्त जब्त, एक गिरफ्तार
चतरा/रांची, तीन मई (भाषा) झारखंड के चतरा और रांची जिलों में तीन अलग-अलग अभियानों के दौरान पुलिस ने कुल 1.32 करोड़ रुपये मूल्य का चूरा पोस्ता जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चतरा जिले में शनिवार को दो अलग-अलग जगह वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने कुल 535 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। चूरा पोस्त से अफीम तैयार की जाती है।
चतरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संदीप सुमन ने बताया कि पहले अभियान में मादक पदार्थों की तस्करी कर बिहार ले जाए जाने की सूचना के आधार पर प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बलवाडोहर गांव के पास वाहन को रोका गया।
उन्होंने कहा, “चूरा पोस्त को 10 बोरियों में पैक किया गया था। तस्कर की पहचान 27 वर्षीय अजय कुमार साव के रूप में हुई है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 42 लाख रुपये है और इसे बिहार ले जाया जा रहा था।”
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दूसरे अभियान में, पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक चार पहिया वाहन से 258 किलोग्राम चूरा पोस्त जब्त किया। सिमरिया के एसडीपीओ शुभम भाऊसाहेब ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर लावालौंग-बगरा रोड पर वाहन को रोका। वाहन से 13 बोरियों में पैक कुल 252 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि जब्त खेप की बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
वहीं, एक अन्य अभियान में पुलिस ने रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव के पास जंगल में छिपाकर रखा गया 400 किलोग्राम चूरा पोस्त जब्त किया गया।
पुलिस ने यह बरामदगी एक मई को उस सूचना के आधार पर की कि अज्ञात तस्करों ने बड़ी मात्रा में चूरा पोस्त छिपा रखी है।
बुंडू के एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि 21 बोरियों में भरा करीब 60 लाख रुपये मूल्य का चूरा पोस्त जब्त किया गया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन

Facebook


