भुवनेश्वर, 28 जुलाई (भाषा) विद्यार्थियों और युवाओं के जबरदस्त विरोध प्रदर्शन के चलते केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पद छोड़ने के बाद पहली बार अपने गृह राज्य पहुंचने पर मंगलवार को भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान का ओडिशा के मंत्रियों और पार्टी विधायकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
पांच मंत्रियों, 21 अन्य भाजपा विधायकों, दो पूर्व विधायकों और वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संबलपुर के सांसद प्रधान का स्वागत किया।
उनके समर्थकों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर अपने नेता का स्वागत किया और ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारे लगाये।
प्रधान ने तीन मई को नीट-यूजी परीक्षा में हुई अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पद छोड़ दिया।
प्रधान के समर्थक उन्हें एक ‘नायक’ के तौर पर पेश कर रहे हैं क्योंकि वह नरेन्द्र मोदी सरकार के पहले ऐसे मंत्री हैं, जिन्होंने ‘नैतिक आधार’ पर पद छोड़ा है।
एक राजनीतिक प्रेक्षक ने कहा, ‘‘उन्यासी विधायकों में से 26 विधायक प्रधान का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे। इससे पार्टी के विधायकों के बीच उनकी स्वीकार्यता का पता चलता है। इन 26 विधायकों में पांच मंत्री भी हैं।’’
हालांकि, दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, ‘‘प्रधान ने न तो नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया है और न ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बर्खास्त किया है। उन्हें देश के विद्यार्थियों और युवाओं के दबाव में अपना इस्तीफा देना पड़ा।’’
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल समेत प्रदेश भाजपा के विभिन्न नेताओं ने ‘नैतिक आधार पर इस्तीफा देकर एक मिसाल कायम करने वाला कदम उठाने’ को लेकर प्रधान की तारीफ़ की है।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश